रायपुर: केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ रवि मित्तल को नई जिम्मेदारी दी है। रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में डेप्युटी सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) की मंजूरी के बाद हुई है। नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष की अवधि के लिए या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
कौन हैं रवि मित्तल
डॉ रवि मित्तल मूल रुप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रहने वाले हैं। उनके पिता यूपी के फेमस डॉक्टर हैं। रवि मित्तल ने भी एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। एमबीबीएम की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की थी। बिना कोचिंग गए उन्हें खुद से पढ़ाई की और पहले ही प्रयास में UPSC क्रैक की। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2015 में उन्हें 61वीं रैंक मिली थी।
छत्तीसगढ़ कैडर चुना
रवि मिलत्त ने 2016 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर को चुना। रवि मित्तल महासमुंद, रायगढ़ और रायपुर में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में काम किया। इसके बाद उन्हें जशपुर जिले के कलेक्टर बनाया गया था। जशपुर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय का गृह जिला है। सीएम के गृह जिले में अपनी प्रभावी प्रशासनिक शैली के कारण उनकी चर्चा होती रही।
सीएम के माने जाते हैं करीबी
रवि मित्तल को जनसंपर्क आयुक्तका पद सौंपा गया था, साथ ही मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के अतिरिक्त प्रभार भी दिए गए थे। वे छत्तीसगढ़ सरकार में मुख्यमंत्री के विश्वसनीय सलाहकारों में गिने जाते हैं। ऐसा कहा जाता है कि राज्य की ब्रांडिंग, संवाद और विकास योजनाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कहां हुआ जन्म
रवि मित्तल का जन्म 13 जून 1993 को हुआ है। वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर नामक छोटे से कस्बे के कटारमल मोहल्ले के रहने वाले हैं। रवि मित्तल के पिता केसी मित्तल फेमस डॉक्टर हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य भी चिकित्सा पेशे से जुड़े हुए हैं। रवि मित्तल ने 29 अगस्त 2016 को आईएएस की सर्विस ज्वाइन की थी।
