सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। भारत रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीत गया है।
अहमदाबाद का स्टेडियम खामोश है, लेकिन न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराने की गूंज अब भी सुनाई दे रही है। T20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाकर टीम इंडिया ने नए दौर की इबारत भी लिख डाली। भारतीय टीम मुकाबला करती नहीं, दबदबा बनाती दिख रही है।
भारत का दौर
बरसों तक क्रिकेट में रिकी पोंटिंग की ऑस्ट्रेलियाई टीम का वर्चस्व रहा। 2000 के शुरुआत वाली यह टीम मैच शुरू होने से पहले ही विरोधी खेमे पर मानसिक बढ़त बना लेती थी । आज उसी ऊंचाई पर भारतीय टीम है। मेन इन ब्लू अब सिर्फ इंटरनेशनल टूर्नामेंट में शामिल होने वाली टीम नहीं रही, बल्कि खेल की दिशा तय करने वाली बन गई है। अगर रिकी पोंटिंग की टीम को रूथलेस कहा जाता था, तो भारत की T20 टीम की सफलता मशीन जैसी लगती है। यहां प्रत्येक खिलाड़ी की भूमिका तय है।
भारत की इस T20 टीम को हराना मुश्किल है। इसके पीछे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का बड़ा हाथ है, जो एक घरेलू टूर्नामेंट से बढ़कर दुनिया का फिनिशिंग स्कूल बन चुका है और लगातार मैच विनर तैयार कर रहा है। इस बार वर्ल्ड कप में दुनिया ने भारत की ताकत देख ली। हमारे तीनों सलामी बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाते देखकर हर कोई हैरान था। टॉप ऑर्डर ने शानदार खेल से आलोचकों को चुप करा दिया।
टीम इंडिया के दिग्गज
भारत के तीनों टॉप बल्लेबाजों की कहानी थोड़ी अलग रही। संजू सैमसन ने अपनी बारी के इंतजार में बरसों डगआउट में बिताए । ईशान किशन का करियर मुश्किल दौर से गुजर रहा था। उन्होंने झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रोफी जिताकर अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी की। धुआंधार पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट की शुरुआत से ही लय में नहीं थे। मगर कप्तान और कोच के भरोसे से वह फॉर्म में लौटे। इन तीनों दिग्गजों की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी उपलब्धि है।
हराना नामुमकिन
हालांकि, दुनिया का डर अब भी कम नहीं हुआ है । यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ी अब भी मौके का इंतजार कर रहे हैं। यानी टीम इंडिया के पास टैलेंट की कमी नहीं। दूसरी टीम भले कोई एक मुकाबला जीत जाए, मगर भारतीय टीम के पूरे सिस्टम को हराना नामुमकिन है। आमतौर पर क्रिकेट जगत में बैटिंग सुर्खियां बटोरती है, लेकिन भारतीय टीम की गेंदबाजी की चर्चा है | जसप्रीत बमराह जैसे दिग्गज की दुनिया मुरीद है। बुमराह के टीम में होने से कप्तान को प्लान बनाने की जरूरत नहीं होती । वह उन्हें गेंद थमाते हैं और जिन्न अपना काम कर देता है।
भारत की ताकत
मजबूत घरेलू सिस्टम और वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों की जोड़ी ने भारत के लिए तूफान बना दिया है | इंडिया अब सिर्फ स्पिन पर भरोसा करने वाली टीम नहीं रही। ये तेज गेंदबाजों वाली ऐसी ताकतवर टीम बन गई है, जो किसी भी स्कोर को बचा सकती है। ऑस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा मैदान पर ही था। भारतीय टीम की ताकत अब BCCI की मजबूत फाइनैंस और प्रशासनिक सपोर्ट से और बढ़ गई है। आज भारतीय क्रिकेट बोर्ड सूरज बन गया है, जिसके चारों ओर क्रिकेट घूम रहा है | मजबूत स्ट्रक्चर होने के फायदे के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में भी इंडिया की ताकत दिख रही है।
सब संभल गया
अन्य क्रिकेट बोर्ड को भी पता चल गया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टिके रहने के लिए भारतीय हितों को ध्यान में रखना होगा। हालांकि ICC जब BCCI का पिछलग्गू दिखने लगे, तो यह चिंता की बात हो जाती है । क्रिकेट जैसे बड़े खेल को बढ़ने के लिए न सिर्फ मैदान पर बल्कि बोर्डरूम में भी बराबरी की दरकार है।
बराबरी की दरकार
बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने और पाकिस्तान का भारत से नहीं खेलने की बात कहने के कारण वर्ल्ड कप की शुरुआत थोड़ी मुश्किल लग रही थी। मगर, अंत तक सब संभल गया । अन्य क्रिकेट बोर्ड को भी पता चल गया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टिके रहने के लिए भारतीय हितों को ध्यान में रखना होगा। हालांकि ICC जब BCCI का पिछलग्गू दिखने लगे, तो यह चिंता की बात हो जाती है । क्रिकेट जैसे बड़े खेल को बढ़ने के लिए न सिर्फ मैदान पर, बल्कि बोर्डरूम में भी बराबरी की दरकार है।
चुनौती का दौर
भारत का दबदबा अब पूरे खेल पर है। हमारे पास बेहतरीन खिलाड़ी, शानदार लीग और मजबूत प्रशासन है । हमने T20 क्रिकेट को हाई- ऑक्टेन खेल बना दिया है, जिसे बाकी दुनिया समझ रही है। लेकिन, जब हम इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मना रहे हैं, क्रिकेट एक चुनौती के दौर से गुजर रहा है।
भारत का दबदबा बैंड के लिए बढ़िया है, लेकिन अगर खेल सिर्फ एक देश के फायदे के लिए हो, तो जीत का मजा कम हो सकता है। भारत ने दुनिया जीत ली है। अब असल चुनौती यह है कि खेल की पूरी दुनिया भी खेलने लायक रहे।
