सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक फॉरेस्ट गार्ड से मारपीट का मामला सामने आया है। फॉरेस्ट गार्ड अपनी प्रेमिका के साथ बैठा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंच गए और फॉरेस्ट गार्ड से मारपीट करने लगे। युवकों ने मोबाइल पर गाना बजाकर फॉरेस्ट गार्ड से डांस करवाया उसके बाद गर्लफ्रेंड के सामने उसकी पिटाई की।
मामला सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो दो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में फॉरेस्ट गार्ड की तरफ से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
देवनगर बीट में पदस्थ है फॉरेस्ट गार्ड
जानकारी के अनुसार, फॉरेस्ट गार्ड का नाम सुखदेव पैकरा बताया गया है। वह देवनगर बीट में पोस्टेड है। फॉरेस्ट गार्ड देवनगर नर्सरी में अपनी प्रेमिका के साथ बैठा था इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंच गए और उसके साथ अभद्रता करने लगे।
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि फॉरेस्ट गार्ड सुखदेव पैकरा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ देवनगर नर्सरी घूमने आया था। जहां कुछ युवकों ने उसे देख लिया। इसके बाद युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसके फोन में गाना बजाया और फॉरेस्ट गार्ड से जमकर ठुमके लगवाए। जब फॉरेस्ट गार्ड ठीक से डांस नहीं कर पाया तो वह उसकी पिटाई करने लगे। युवकों ने गर्लफ्रेंड के सामने ही सुखदेव को डंडे और बेल्ट से पीटा। पिटाई के दौरान फॉरेस्ट गार्ड यूनिफॉर्म में था। इस दौरान फॉरेस्ट गार्ड खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भगता रहा और लोग उसकी पिटाई करते रहे।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो हमारी संज्ञान में आया है। फिलहाल, इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशांत कुमार ठाकुर, एसएसपी, सूरजपुर
मारपीट के बाद युवकों ने उसकी गर्लफ्रेंड को घर भेज दिया गया। जिस दौरान फॉरेस्ट गार्ड की पिटाई हो रही थी उस दौरान गर्लफ्रेंड चुपचाप खड़ी रही। बताया जा रहा है कि जिन लोगों ने फॉरेस्ट गार्ड की पिटाई की है वह लड़की के रिश्तेदार हैं।
डीएफओ ने भेजा नोटिस
फॉरेस्ट गार्ड के पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद DFO ने मामले में संज्ञान लिया है। डीएफओ डीपी साहू ने फॉरेस्ट गार्ड को नोटिस जारी किया है। नोटिस में फॉरेस्ट गार्ड सुखदेव पैकरा से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में लिखा है कि इससे विभाग की छवि धूमिल हुई है।
